दिल्ली को चौथी महिला मुख्यमंत्री मिल गई है। गुरुवार को रेखा गुप्ता ने पद की शपथ ली। अब इस मौके पर बधाई देने वालों में भारतीय जनता पार्टी से निलंबित पूर्व प्रवक्ता नूपुर शर्मा ने भी बधाई दी है। साथ ही उन्होंने एक पुरानी तस्वीर भी शेयर की है, जिसमें वह सीएम गुप्ता के साथ नजर आ रही हैं। एक टीवी डिबेट के दौरान पैगंबर मोहम्मद पर आपत्तिजनक टिप्पणी को लेकर भाजपा ने शर्मा को पार्टी से निलंबित कर दिया था।
शर्मा ने लिखा, ‘बड़ी बहन श्रीमती रेखा गुप्ता दीदी को दिल्ली की मुख्यमंत्री मनोनीत होने पर ढेरों शुभकामनाएं। संगठन में अपनी कर्मठता, कार्यकुशलता व सरल स्वभाव से सभी की प्रिय बहन दिल्ली को चहुंमुखी विकास, नई दिशा व ऊंचाइयों से संवारे ऐसी मनोकामना है। आप को हर पटल पर सफलता प्राप्त हो ऐसी प्रभु से प्रार्थना है।’
दिल्ली चुनाव के नतीजों पर भी दी थी प्रतिक्रिया
दिल्ली विधानसभा चुनाव के नतीजे घोषित होने के दौरान भी शर्मा ने प्रतिक्रिया दी थी। उन्होंने वोट डालने के बाद स्याही लगी उंगली की तस्वीर शेयर की है। साथ ही एक्स पर शनिवार को की गई पोस्ट में लिखा है, ‘आप कुछ समय के लिए सभी लोगों को बेवकूफ बना सकते हैं और कुछ लोगों को हर समय बना सकते हैं, लेकिन आप सभी लोगों को हर समय बेवकूफ नहीं बना सकते।’
दिल्ली की 70 विधानसभा सीटों में से 48 सीटों पर जीत दर्ज कर भाजपा ने स्पष्ट बहुमत हासिल किया था। वहीं, 10 साल से सत्ता संभाल रही आम आदमी पार्टी 22 सीटों पर सिमट गई थी।
ये बने मंत्री
9वीं मुख्यमंत्री के रूप में रेखा गुप्ता के अलावा आप चीफ अरविंद केजरीवाल को हराने वाले प्रवेश वर्मा, आशीष सूद, मनजिंदर सिंह सिरसा, कपिल मिश्रा, रविंद्र इंद्राज और पंकज कुमार सिंह ने भी मंत्री पद की शपथ ली थी।
