महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव में महायुति गठबंधन की महालहर में महा विकास अघाड़ी चारों खाने चित्त हो गई है। भाजपा गठबंधन एक बार फिर से सरकार बनाने जा रही है। इस बीच नांदेड़ लोकसभा सीट के लिए हुए उपचुनाव में भी भाजपा ने बाजी मार ली। भाजपा प्रत्याशी ने यहां से कांग्रेस को करारी पटखनी दी। नांदेड़ उपचुनाव के परिणाम इसलिए भी कांग्रेस के लिए परेशान करने वाले हैं, क्योंकि 2024 के लोकसभा चुनाव में इस सीट पर कांग्रेस ने जीत दर्ज की थी।
महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव में जीत का परचम लहराने के साथ ही भाजपा नांदेड़ लोकसभा सीट के लिए हो रहे उपचुनाव में भी बाजीगर निकली। यहां से भाजपा प्रत्याशी डॉ. संतुक राव हंबार्डे ने जीत दर्ज कर ली है। उन्होंने कांग्रेस कैंडिडेट रवीन्द्र चव्हाण को करारी शिकस्त दी। चुनाव आयोग की वेबसाइट के मुताबिक, संतुक राव को 500368 वोट मिले। दूसरे नंबर पर कांग्रेस प्रत्याशी रवींद्र चव्हाण (442279) और तीसरे नंबर पर वंचित बहुजन अघाड़ी के अविनाश विश्वनाथ (61224) रहे।
कांग्रेस सांसद के निधन के बाद उपचुनाव
नांदेड़ लोकसभा सीट पर यह उपचुनाव कांग्रेस सांसद वसंतराव चव्हाण के निधन के बाद हो रहा है। अगस्त 2024 में उनके निधन के बाद यह सीट खाली हो गई थी। उन्होंने 2024 लोकसभा चुनाव में भाजपा के प्रतापराव पाटिल को करीब 60 हजार वोटों के अंतर से हराया था।
गौरतलब है कि महाराष्ट्र की कुल 288 विधानसभा सीटों में भाजपा गठबंधन 160 सीट पर आगे है और 69 सीट जीत चुकी है। वहीं, महा विकास अघाड़ी 37 सीट जीती है और 13 पर आगे है।
