मायावती की बढ़ रहीं मुश्किल, बसपा को तीन बूथों पर एक भी वोट नहीं

मुख्य समाचार राष्ट्रीय

आगरा मंडल की फतेहपुरसीकरी लोकसभा सीट से बसपा प्रत्याशी रामनिवास शर्मा को फतेहपुरसीकरी विधानसभा क्षेत्र में तीन बूथों पर एक भी वोट नहीं मिला। वहीं निर्दलीय प्रत्याशी रामेश्वर सिंह को एक बूथ पर किसी ने भी वोट नहीं दिया। दूसरी तरफ भाजपा और कांग्रेस प्रत्याशियों ने अपने बूथों पर अच्छे मत प्राप्त किए। बसपा प्रत्याशी राम निवास शर्मा को फतेहपुरसीकरी विधानसभा क्षेत्र के गहर्राकलां, बानपुर, और नगला बंजारा के बूथ पर एक भी मत प्राप्त नहीं हुआ।

वहीं सीकरी हिस्सा के एक बूथ पर निर्दलीय प्रत्याशी रामेश्वर सिंह को किसी मतदाता ने वोट नहीं दिया। बसपा प्रत्याशी राम निवास शर्मा के स्वयं के उन्देरा स्थित मतदान केंद्र के तीन बूथों पर पड़े 2007 मतों में से 1044, भाजपा प्रत्याशी राजकुमार चाहर को 386, कांग्रेस प्रत्याशी रामनाथ सिंह सिकरवार को 178 मत प्राप्त हुए। निर्दलीय रामेश्वर सिंह को 256 वोट मिले। यहां बसपा प्रत्याशी को 52 फीसदी मत मिले।

भाजपा प्रत्याशी राजकुमार चाहर के अपने मतदान केंद्र सुरौठी में पड़े 580 मतों में से 304, कांग्रेस प्रत्याशी रामनाथ सिंह सिकरवार को 82, बसपा प्रत्याशी राम निवास शर्मा को 11 और निर्दलीय प्रत्याशी रामेश्वर सिंह को 178 मत प्राप्त हुए। यहां राजकुमार चाहर को 53 फीसदी मत मिले। पनवारी में निर्दलीय प्रत्याशी रामेश्वर सिह और उनके पिता फतेहपुरसीकरी के भाजपा विधायक चौधरी बाबूलाल का एक ही मतदान केंद्र पर वोट है। यहां के तीन बूथों पर पड़े 2258 मतों में से रामेश्वर सिंह को 75 फीसदी मत मिले। उन्हें कुल 1698 मत मिले।

भाजपा प्रत्याशी को यहां 384, कांग्रेस प्रत्याशी को 144 और बसपा प्रत्याशी रामनिवास शर्मा का मात्र सात मत ही प्राप्त हुए। खेरागढ़ विधानसभा क्षेत्र में कांग्रेस प्रत्याशी रामनाथ सिंह सिकरवार को कठ्मरी स्थित अपने बूथ पर 89 फीसदी मत प्राप्त हुए। इस बूथ पर पड़े 658 मतों में से उन्हें 556 मत मिले। जबकि भाजपा प्रत्याशी राजकुमार चाहर को 75, बसपा प्रत्याशी राम निवास शर्मा को 21 और निर्दलीय प्रत्याशी रामेश्वर सिंह को मात्र तीन वोट ही मिले।

नौगवां में राजकुमार रहे आगे
बाह विधानसभा क्षेत्र में भले ही राजकुमार चाहर को रामनाथ सिंह सिकरवार से कम वोट मिले हों, लेकिन वह बाह की विधायक पक्षालिका सिंह के बूथ नौगवां में कांग्रेस प्रत्याशी से आगे रहे। यहां भाजपा प्रत्याशी को दो बूथों पर 597, कांग्रेस प्रत्याशी को 315 वोट मिले। वहीं बसपा प्रत्याशी को आठ और निर्दलीय रामेश्वर सिंह को छह वोट ही मिले।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *